
तरन तारन से रिपोर्टर गुरविंदर सिंह कहलवां
पंजाब के तरनतारन जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले दो दिनों से एक विशेष अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान का उद्देश्य जिले में सक्रिय गैंगस्टरों, ड्रग तस्करों और उनके नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ना है। तरनतारन पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस सघन ऑपरेशन के तहत जिले के अलग-अलग इलाकों में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई में गैंगस्टरों के सहयोगियों, ड्रग तस्करों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल करीब 150 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की और वाहनों की गहन तलाशी ली। चेकिंग के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल आपराधिक वारदातों में किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से चलाया गया, ताकि किसी भी अपराधी को भागने का मौका न मिले। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दिन-रात कार्रवाई करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया है। इस ऑपरेशन से न केवल अपराधियों में डर का माहौल बना है, बल्कि आम जनता ने भी राहत की सांस ली है।
तरनतारन पुलिस का कहना है कि जिले को नशा और अपराध मुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।