
शरद भास्कर दराडे, उपायुक्त पुलिस, पश्चिम जिला, के मुताबिक तिलक नगर इलाके में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 20 वर्षीय शिवम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि यह वारदात एक रिश्ते को लेकर पैदा हुई रंजिश का नतीजा थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित बालक को भी पकड़ा गया है। वारदात में इस्तेमाल संदिग्ध चाकू भी बरामद कर लिया गया है। घटनाक्रम के मुताबिक थाना तिलक नगर को पीसीआर कॉल से चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एएसआई चंद्रहास और हेड कांस्टेबल प्रदीप मौके पर पहुंचे। तब तक घायल को डीडीयू अस्पताल ले जाया जा चुका था। बाद में अस्पताल से सूचना मिली कि 20 वर्षीय शिवम, निवासी 80 गज तिलक नगर, को मृत अवस्था में लाया गया था। जांच में सामने आया कि हत्या की वजह मृतक और एक विधि-विवादित बालक की बहन के बीच संबंधों को लेकर व्यक्तिगत रंजिश थी। इसी नाराजगी में बालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग जगहों पर छिप गए।
जांच इंस्पेक्टर बिनीत कुमार पांडे, एसएचओ तिलक नगर की निगरानी में और एसीपी डॉ. गरिमा तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।