

राजधानी दिल्ली के शालीमार विधानसभा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हैदरपुर रोड स्थित योगी बस्ती के पास तेज रफ्तार एमसीडी के डंपर ने एक छोटे बच्चे को कुचल दिया, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हैदरपुर रोड को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे लगातार हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, सड़क जाम के कारण यातायात बाधित हो रहा था, इसलिए लोगों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा ताकि आम जनता को आने-जाने में सुविधा मिल सके। वहीं, प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने पब्लिक के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि यह इलाका शालीमार विधानसभा क्षेत्र में आता है, इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था क्यों नहीं की गई। लोगों का कहना है कि एमसीडी की गाड़ियाँ आए दिन तेज रफ्तार में चलती हैं, लेकिन उन पर न तो निगरानी है और न ही सख्त कार्रवाई।
अब बड़ा सवाल यह है कि राजधानी दिल्ली में लगातार हो रहे ऐसे हादसों को रोकने के लिए दिल्ली सरकार और एमसीडी क्या कोई ठोस कदम उठाएगी, या फिर मासूमों की जान यूं ही तेज रफ्तार की भेंट चढ़ती रहेगी?