पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक, आईएमईआई ट्रैकिंग और लगातार तकनीकी निगरानी के जरिए खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

दिल्ली।
दिल्ली पुलिस लगातार जनता के भरोसे को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी क्रम में आउटर नॉर्थ जिला पुलिस द्वारा मिशन 3.0 रीकनेक्ट के तहत एक सराहनीय पहल की गई, जिसके अंतर्गत 500 से अधिक लोगों को उनके खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। यह भव्य कार्यक्रम किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन स्थित उत्सव सदन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जॉइंट सीपी नॉर्दर्न रेंज विजय सिंह और आउटर नॉर्थ जिला डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने की। इस मौके पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक, आईएमईआई ट्रैकिंग और लगातार तकनीकी निगरानी के जरिए खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
जॉइंट सीपी विजय सिंह ने कहा कि मिशन 3.0 रीकनेक्ट दिल्ली पुलिस की जनहितकारी पहल है। इसका उद्देश्य केवल मोबाइल फोन लौटाना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें और साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
उन्होंने यह भी कहा कि मोबाइल फोन में व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, बायोमेट्रिक लॉक और साइबर हेल्पलाइन का उपयोग करना जरूरी है।
कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थियों ने दिल्ली पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की। एक लाभार्थी ने बताया कि उनका मोबाइल कई महीने पहले खो गया था और उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन आज दिल्ली पुलिस की वजह से उनका मोबाइल वापस मिल गया। दूसरे लाभार्थी ने कहा कि मोबाइल में जरूरी दस्तावेज और पारिवारिक यादें थीं, जो वापस मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली।
मिशन 3.0 रीकनेक्ट कार्यक्रम यह दर्शाता है कि दिल्ली पुलिस आधुनिक तकनीक और समर्पित टीमवर्क के जरिए जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। यह पहल न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी भी साबित हो रही है।
रिपोर्ट संजय सिंह
दिल्ली