नए साल 2026 के स्वागत को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। नए साल के जश्न के नाम पर किसी भी तरह के हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नज़र आ रही है। इसी कड़ी में दिल्ली के आउटर डिस्ट्रिक्ट में पुलिस ने देर रात तक सड़कों पर स्पेशल चेकिंग ड्राइव चलाया।

नए साल 2026 का आगाज़ होने वाला है और इसे लेकर देश-दुनिया में उत्साह का माहौल है। हालांकि, जश्न के दौरान किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की समस्या न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
बीती रात दिल्ली के आउटर डिस्ट्रिक्ट में पुलिस द्वारा विशेष ड्राइव चलाया गया, जिसके तहत जगह-जगह वाहनों को रोककर गहन जांच की गई। इस अभियान में जिले के डीसीपी सचिन शर्मा स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उनके साथ कई थानों के एसएचओ, एसीपी, ट्रैफिक पुलिस, पीसीआर और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
चेकिंग के दौरान बैरिकेडिंग लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली गई। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने अवैध शराब, नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर विशेष नजर रखी।
आउटर डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि नए साल के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए जिले में पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। खासतौर पर संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। दिल्ली पुलिस सड़कों पर रहकर यह सुनिश्चित कर रही है कि नागरिक सुरक्षित माहौल में नए साल का जश्न मना सकें।
डीसीपी ने आम लोगों से अपील की कि वे नए साल का जश्न जिम्मेदारी के साथ मनाएं, किसी भी तरह का हुड़दंग न करें और पुलिस का सहयोग करें।