सरकार का लक्ष्य केवल एक कार्य नहीं, क्षेत्र का संपूर्ण और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है : अशोक गोयल देवराहा


दिल्ली : मॉडल टाउन विधानसभा के अन्तर्गत आने वाले रूप नगर इलाके में नई सीवर लाईन के कार्य का शुभारंभ विधायक अशोक गोयल देवराहा के द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय निगम पार्षद रेनू अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, सरदार कुलदीप सिंह, रघुवंश सिंघल, कुलदीप चौधरी, राजा खारी, निशा सिद्धार्थ, कप्तान सिंह, अभिषेक गुप्ता, नीना ठाकुर, सहित अनेकों गणमान्य लोग उपस्थित रहे और इस विकास कार्य में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक अशोक गोयल देवराहा ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी सीवर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करते हुए स्वच्छ वातावरण, सुचारु जल-निकासी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगी। विधायक अशोक गोयल देवराहा ने कहा कि नई सीवर लाइन के चालू होने से क्षेत्रवासियों को जलभराव, गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परियोजना क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और निर्धारित समय-सीमा में परियोजना को पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल एक कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र का संपूर्ण और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने विधायक महोदय का आभार व्यक्त करते हुवे फूलमालाओं से उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसे अन्य विकास कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएंगे। इस शुभारंभ कार्यक्रम उपरांत विधायक महोदय ने स्थानीय नागरिकों के अनुरोध पर रूप नगर इलाके की अन्य गलियों का भी निरीक्षण किया और संपूर्ण विकास का भरोसा दिलाया।