
दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले में दिनदहाड़े बस में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले पति-पत्नी को अलीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक यात्री को निशाना बनाकर चाकू की नोक पर उसका मोबाइल फोन, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों आरोपियों को कुछ ही देर में दबोच लिया गया और लूट का सामान भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 5 मार्च 2026 की सुबह करीब 11:50 बजे की है। शिकायतकर्ता रवि कुमार, जो स्वरूप नगर के रहने वाले हैं, बस से खेड़ा खुर्द स्थित द मैन स्कूल की ओर जा रहे थे। जैसे ही बस ओम धर्म कांटा के पास ईएसआर के नजदीक पहुंची, उसी बस में सवार एक पति-पत्नी ने उन्हें निशाना बनाया।
वारदात को अंजाम देने के लिए महिला आरोपी ने पहले शिकायतकर्ता पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर बस में हंगामा खड़ा कर दिया। इसी दौरान उसके पति ने चाकू जैसा हथियार निकालकर रवि कुमार को धमकाया और उनसे मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया। पर्स में करीब 7600 रुपये नकद के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे। घटना के बाद बस कंडक्टर ने तुरंत पीसीआर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
जैसे ही आरोपी बस से उतरकर भागने की कोशिश करने लगे, बस स्टाफ और शिकायतकर्ता की मदद से महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया। वहीं पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भाग रहे आरोपी को भी थोड़ी दूरी पर दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान दीपक (26) और उसकी पत्नी दिपाली (23) के रूप में की है, जो स्वरूप नगर के रहने वाले हैं और मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के नहारी गांव के निवासी हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी दीपक पहले भी लूट और चोरी के कई मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का ओप्पो मोबाइल फोन, पर्स, पहचान पत्र, 4400 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। इस मामले में अलीपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह दंपति इलाके में पहले भी इसी तरह की बस लूट की घटनाओं में शामिल तो नहीं रहा।