पीएम नरेंद्र मोदी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 और 26 अगस्त को गुजरात दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे अहमदाबाद और हंसलपुर में कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. कुल मिलाकर 5400 करोड़ रुपये से ज्यादा की योजनाओं का तोहफा गुजरात को मिलेगा.
रेलवे प्रोजेक्ट्स-1400 करोड़ रुपये से ज्यादा के रेल प्रोजेक्ट्स देश को समर्पित किए जाएंगे. इसमें महेसाणा-पालनपुर रेल लाइन का डबलिंग, कालोल-कडी-कटोसन और बेचराजी-रनुज रेल लाइन का गेज कन्वर्जन शामिल है. साथ ही, कटोसन रोड से साबरमती के बीच नई पैसेंजर ट्रेन और बेचराजी से कार-लोडेड फ्रेट ट्रेन की शुरुआत होगी.
जानें पीएम किन-किन परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
सड़क और पुल परियोजनाएं: अहमदाबाद-महेसाणा-पालनपुर और अहमदाबाद-विरमगाम रोड पर नए अंडरपास और ओवरब्रिज बनेंगे।सड़कों के चौड़ीकरण से यात्रा और माल ढुलाई और आसान होगी.
बिजली परियोजनाएं: अहमदाबाद,मेहसाणा और गांधीनगर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिजली वितरण योजनाओं का उद्घाटन होगा जिससे बिजली कटौती और खराब मौसम में बाधाएं कम होंगी.
शहरी विकास: अहमदाबाद के रामापीर नो टेकरो इलाके में स्लम पुनर्विकास, सरदार पटेल रिंग रोड चौड़ीकरण और पानी व सीवरेज से जुड़ी नई योजनाओं का काम शुरू होगा.
प्रशासनिक और डिजिटल प्रोजेक्ट्स: अहमदाबाद में नया स्टाम्प्स और रजिस्ट्रेशन भवन और गांधीनगर में स्टेट-लेवल डेटा स्टोरेज सेंटर बनेगा, जिससे सरकारी कामकाज और डिजिटल सेवाएं बेहतर होंगी.
ग्लोबल इलेक्ट्रिक कार e-VITARA के निर्यात की शुरुआत
ग्रीन एनर्जी और ऑटोमोबाइल सेक्टर-26 अगस्त को पीएम मोदी हंसलपुर में दो बड़ी उपलब्धियों का उद्घाटन करेंगे सुजुकी की पहली ग्लोबल इलेक्ट्रिक कार e-VITARA को हरी झंडी दिखाकर 100 देशों के लिए एक्सपोर्ट शुरू करेंगे.
टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड्स का लोकल प्रोडक्शन शुरू होगा, जिससे 80% से ज्यादा बैटरी भारत में ही बनेगी.