

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आज दिल्ली नगर निगम के स्कूल, ई-ब्लॉक, अशोक विहार फेज–1 में भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम के माननीय महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह जी ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय निगम पार्षद एवं दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट ने की।इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए माननीय महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह जी ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के सभी प्राइमरी स्कूलों के बच्चे अत्यंत प्रतिभावान हैं और निगम के स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने स्कूलों में आधुनिक शिक्षा पद्धतियों को अपनाते हुए शिक्षा के स्तर को लगातार सुधार रहा है। स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।महापौर महोदय ने इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जिस प्रकार पीएम श्री स्कूल एवं दिल्ली सरकार के सीएम श्री स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, उसी तर्ज पर अब दिल्ली नगर निगम भी “निगम श्री स्कूल” का निर्माण करेगा। प्रारंभिक चरण में प्रत्येक ज़ोन में दो-दो निगम श्री स्कूल बनाए जाएंगे, जिनमें प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इन स्कूलों में विशेष रूप से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा एडवोकेट ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष पाँचवीं कक्षा के 100 प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन कर उनके नाम निगम की वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे। इसके साथ ही यह भी उल्लेख किया जाएगा कि वे बच्चे शिक्षा, खेल या अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में किस प्रकार अग्रणी रहे हैं, ताकि कोई भी विद्यालय यदि उन्हें अपने स्कूल में प्रवेश देना चाहे तो दे सके और उनकी प्रतिभा को और निखारा जा सके। श्री वर्मा ने आगे कहा कि दिल्ली नगर निगम बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ मिड-डे मील, स्कूल ड्रेस एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी निरंतर ध्यान दे रहा है। उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी के मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे और दिल्ली नगर निगम के स्कूलों का स्तर और अधिक ऊँचा करेंगे।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के साथ हुआ।